फरेंदा। सिधवारी में ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जे के विरोध में ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों के समर्थन में कांग्रेस सहित अन्य दलों के नेता भी धरनास्थल पर पहुंच समर्थन दिया।
फरेंदा क्षेत्र के सिधवारी के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गंगा यादव के नेतृत्व में धरने पर बैठे हैं। गंगाराम यादव व ग्रामीणों ने मांग किया कि कब्जा कराने में लेखपाल भी दोषी है जिनको तत्काल निलंबित किया जाए। पोखरे के किनारे ग्राम समाज की जमीन को खाली कराया जाए। साथ ही कब्जा करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। कांग्रेस नेता विजय सिंह एडवोकेट ने कहा कि तहसील प्रशासन की ओर से कूटरचित तरीके से सरकारी जमीन का बैनामा कराया गया है। सत्ता दल के नेता के दबाव में कब्जा भी कराया जा रहा है। मांगों को प्रशासन ने नहीं माना तो जिलास्तर तक आंदोलन किया जाएगा। धरने का संचालन रामललित मौर्य ने किया। धरने को पूर्व चेयरमैन जयप्रकाश लाल, डॉ. रामनरायन चौरसिया, अरविंद मौर्य, गंगा पासवान, ह्दयनरायन पांडेय ने संबोधित किया। इस दौरान फौजदार प्रसाद, इसरार, टाइगर सिंह, रवि पासवान, संजय यादव, संतोष आदि मौजूद रहे।