महराजगंज। सिसवा ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम सभा चनकौली में प्रधान और सचिव पर भ्रष्टाचार तथा विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप लगा कलक्ट्रेट परिसर में रविवार को तीसरे दिन भी ग्रामीणों का बेमियादी अनशन जारी रहा।
ग्रामीण रामसनेही निषाद ने आरोप लगाया कि विभिन्न विकास योजनाओं के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया और फर्जी भुगतान किए गए। इसके अलावा, सूचना के अधिकार के नाम पर ग्रामीणों से फर्जी बिल दिखाकर लगभग 20 हजार रुपये की अवैध वसूली की गई। ग्रामीणों ने इस राशि को तुरंत वापस करने की मांग की है।
उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि जारी जांच आदेश पर जल्द जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपी जाए। दोषी पाए जाने पर प्रधान, सचिव एवं संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए तथा प्राथमिकी दर्ज की जाए। इस दौरान अवधेश कुमार, श्रीराम सैनी, रवि धारिया, वल्लू शर्मा, हरिपाल निषाद, सुकई भारती, महेंद्र भारती, निरंजन और सुभाष मौजूद रहे।