10 वर्ष पूर्व बनी सड़क की नहीं हुई मरम्मत, बिखरी गिट्टियां, बने जानलेवा गड्ढे
संवाद न्यूज एजेंसी
बागापार। सदर ब्लाक क्षेत्र के विजयपुर से झुंगवा चौराहे पर जाने वाली सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क की मरम्मत न होने से पूरी तरह बिखरी हुई है। जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। क्षेत्र के दर्जनों गांव के लोगों को आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत विजयपुर से झुंगवा चौराहे तक बनाई गई सड़क मरम्मत के अभाव में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। जगह-जगह बने जानलेवा गड्ढे राजगीरों के सफर में बाधा बने हुए हैं। स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से सड़क की मरम्मत करने की मांग की, लेकिन किसी का भी ध्यान इस सड़क पर नहीं जा रहा है।
क्षेत्र के बागापार, विजयपुर, रामपुर, बरईठवा, विजयपुर, बेलवाकाजी, नाथनगर, परासखांड, बड़हरा राजा, शेखपुरवा, केवलापुर खुर्द, डिहुलिया, पंडितपुर आदि गांव के लोग अपनी जरूरत से झुंगवा चौराहे पर जाते हैं। 10 वर्ष पूर्व बनी इस सड़क की एक बार भी मरम्मत नहीं कराई गई। संदीप जायसवाल, फूलबदन, रामाज्ञा प्रसाद, सीताराम यादव का कहना है कि 10 वर्ष पूर्व बनी सड़क की एक बार भी मरम्मत नहीं कराई गई। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। सड़क से आने जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अधिशासी अभियंता गंगा सागर ने बताया कि सड़क की मरम्मत कराने के लिए जल्दी जरूरी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।