महराजगंज। स्वतंत्रा दिवस की 77वीं वर्षगांठ को लेकर सीमावर्ती इलाके में विशेष चौकसी बरती जा रही है। बॉर्डर क्षेत्र की प्रत्येक हलचल पर सुरक्षा एजेंसियां नजर रखी हुई हैं। खुफिया विभाग कड़ी निगरानी में जुटा है। पुलिस सीमा सुरक्षा बल के साथ मिलकर जहां भारत नेपाल की सीमा पर मुस्तैद है। वहीं बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने जिले में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। जनपद पुलिस सीमा सुरक्षा बल के साथ मिलकर जहां भारत-नेपाल की सीमा पर चौकसी कर रही है। वहीं जनपद के अंदरूनी इलाकों में पुलिस गश्त और जांच करने में जुटी है। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने स्वतंत्रता दिवस और अगस्त माह में पड़ने वाले सभी त्योहारों को लेकर पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
सुरक्षा को लेकर पुलिस और खुफिया विभाग अलर्ट मोड में है। सुरक्षा के मद्देनजर जनपद के सभी थानों की पुलिस दिन व रात में अपने क्षेत्रों के सार्वजनिक स्थलों, हाईवे पर स्थित ढाबों, होटलों, रेस्टोरेंट पर चेकिंग कर रही है। इस दौरान बैरियर लगाकर संदिग्ध लोगों की तलाशी भी ली जा रही है। होटल संचालकों को बताया गया कि रात-दिन में ठहरने के लिए आने वाले संदिग्ध व्यक्ति के बारे में पुलिस को तुरंत सूचना दी जाए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में गहन चेकिंग अभियान चलाने को कहा है। सभी स्थानों पर सुरक्षा पुख्ता करने के साथ ही भीड़ नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा को लेकर जनपद में लगे सीसीटीवी कैमरों से भी नजर रखी जा रही है। थाना स्तर पर पीस कमेटी की बैठकें की जा रही हैं।
उधर, स्वतंत्रता दिवस को लेकर भारत नेपाल की प्रमुख सीमा सहित पगडंडियों पर पुलिस और एसएसबी का कड़ा पहरा है। पुलिस और एसएसबी जवानों ने नो मेंस लैंड पर नेपाल से आने वाले प्रत्येक वाहनों और लोगों की सघन जांच व तलाशी के बाद ही सीमा में प्रवेश करने दिया गया। सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस एवं एसएसबी ने संयुक्त रूप से जांच अभियान चलाया।