महराजगंज। यूपी बोर्ड की तरफ से इस बार प्रयोगात्मक परीक्षा में भी सख्ती बढ़ा दी गई है। स्कूल अब प्रयोगात्मक परीक्षा की वीडियो रिकार्डिंग कराकर डीआईओएस ऑफिस को उपलब्ध कराएंगे, जिसे विभाग की तरफ से यूपी बोर्ड को भेजा जाएगा। प्रयोगात्मक परीक्षा का अंक दर्ज करते समय बोर्ड इस वीडियो रिकार्डिंग का अवलोकन कर यह पुख्ता करेगा कि जिस शिक्षक को प्रयोगात्मक के लिए जहां के लिए निर्धारित किया था वहां उसी की उपस्थिति में परीक्षा नकल विहीन व शुचिता पूर्ण हुई।
जनपद में 40 हजार हाईस्कूल तो 32 हजार से अधिक इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी यूपी बोर्ड परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा भौतिक, रसायन व जीव विज्ञान के अलावा नैतिक शिक्षा, योग और शारीरिक शिक्षा का प्रयोगात्मक परीक्षा दूसरे चरण में पहली फरवरी से प्रारंभ होगी।
स्कूलों में होने वाली इस परीक्षा की वीडियो रिकार्डिंग कराई जाएगी, जिसके निर्देश सभी स्कूलों को डीआईओएस स्तर से जारी कर दिए गए हैं। रिकार्डिंग कराएंगे जो स्पष्ट आवाज के साथ हाई क्वालिटी की फुटेज के साथ होगा। परीक्षा संपन्न कराने के बाद स्कूल इसे डीआईओएस ऑफिस में जमा करेंगे जो बोर्ड को प्रेषित किया जाएगा।
प्रयोगात्मक परीक्षा की निगरानी बढ़ाने के लिए बोर्ड ने वीडियो रिकार्डिंग के निर्देश दिए हैं। सभी स्कूलों को इसके लिए निर्देश पत्र जारी कर जानकारी दे दी गई है। प्रयोगात्मक परीक्षा में अब लापरवाही की गुंजाइश नहीं रह जाएगी।
-प्रदीप कुमार शर्मा, डीआईओएस