फरेंदा कस्बे में जमीनी विवाद को लेकर हुआ था दो पक्षों में मारपीट
संवाद न्यूज एजेंसी
फरेंदा। जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक महिला के सीने पर चढ़कर बाल पकड़ कर घसीटते हुए मार रहा है। महिला पक्ष के लोग भी युवक की पीछे से पिटाई कर रहे हैं। मामले में पुलिस ने महिला की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।
मामला फरेंदा कस्बे का है, जहां पर भूमि विवाद को लेकर दो पक्ष आमने सामने आ गए। कहासुनी के बाद एक युवक महिला का बाल पकड़ कर बेरहमी से पीटते हुए जमीन पर पटक देता हैं तथा लात-घुसों से पिटाई करता है। महिला चिल्ला रही है। उसके साथ परिजन भी मारपीट कर रहे हैं। 38 मिनट के वीडियो में महिला के साथ मारपीट हो रही है। नगर पंचायत आनंदनगर के रूदलापुर निवासी पीड़िता प्रीती गिरी ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर कहा कि न्यायालय के आदेश पर भूमि की पैमाइश हो रही थी। उसी दौरान कुछ लोग मारपीट करने लगे। थानाध्यक्ष अंकित कुमार सिंह के अनुसार दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।