- व्यापार मंडल ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, नगर पालिका क्षेत्र की सीमा के बाहर चले चेकिंग अभियान
महराजगंज। जनपद में लगातार चल रहे वाहन चेकिंग एवं चालान अभियान को लेकर मंगलवार को अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में बार-बार हो रही चेकिंग पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं और व्यापारियों के साथ ग्राहकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
जिला प्रभारी अजय राज कसौधन और जिलाध्यक्ष अनिल कुमार के नेतृत्व में पहुंचे व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन कराना आवश्यक है, लेकिन मुख्य बाजारों एवं दुकानों के सामने लगातार चेकिंग अभियान चलाने से लोगों में भय का माहौल बन रहा है। इसका सीधा असर बाजार की रौनक और व्यापार पर पड़ रहा है।
व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि यदि वाहन चेकिंग और चालान अभियान चलाना आवश्यक है तो इसे नगर पालिका क्षेत्र की सीमा के बाहर या ऐसे स्थानों पर संचालित किया जाए, जहां से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित न हों।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला महामंत्री रघुनाथ गुप्त, जिला कोषाध्यक्ष मृत्युंजय धामिया, जिला संरक्षक संजय पांडेय, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सदरे आलम, गुड्डू तिवारी, जिला उपाध्यक्ष अभय श्रीवास्तव सहित अन्य व्यापारीरहे।