वेलेंटाइन-डे : नेपाल के बाजारों में उत्साह, सजीं की दुकानें
महराजगंज। वेलेंटाइन-डे पर नेपाल के बाजारों में रौनक है। दुकानें, लाल गुलाब से सजी हैं। बाजार की चहल-पहल से व्यापारियों में खुशी है। कोरोना के दौरान नेपाल के बाजार में मंदी से व्यापारी परेशान रहे, लेकिन इन दिनों बाजार की रौनक से अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है। नेपाल के होटलों में वेलेंटाइन-डे पर आफर की भरमार है। होटल रेस्टोरेंट भी आकर्षक ढंग से सजाए गए हैं। गुलाब एवं चाकलेट की मांग ज्यादा होने के कारण नेपाल के व्यापारियों ने अधिक मात्र में भारत से इसे मंगाया है।
नेपाल के बेलहिया, बुटवल, नवलपरासी, महेशपुर, उज्जैनी समेत अन्य कस्बो में वेलेंटाइन-डे पर विशेष व्यवस्था है। लजीज भोजन के अलावा मनोरंजन की व्यवस्था होटलों में है। भैरहवा भंसार कार्यालय के अनुसार, चालू वित्त वर्ष में 15.62 लाख रुपये के लाल गुलाब मंगाए गए हैं। भंसार कार्यालय के सूचना अधिकारी उपेंद्र लामिछाने ने बताया कि चालू वित्त वर्ष में 10 फरवरी तक 41,024 किलोग्राम गुलाब नेपाल में आ चुका है।
फूल कारोबारी रत्नेश सैनी ने बताया कि वेलेंटाइन-डे पर कोरोना के पूर्व नेपाल बड़ा मार्केट था। पिछले दो साल से प्रभावित था, लेकिन इस बार अधिक मांग के कारण फूलों को ज्यादा गया है। केवल गुलाब ही नहीं, वेलेंटाइन-डे पर चॉकलेट भी अधिक मात्रा में मंगाए गए हैं। आंकड़ों के अनुसार, 10 फरवरी तक 54 करोड़ का चॉकलेट एवं 15 लाख का गुलाब भैरहवा भंसार से पास हो चुका है। वैलेंटाइन-डे 14 फरवरी को है। प्रेम के प्रतीक के रूप में इस दिन लाल गुलाब एक दूसरे को दिया जाता है। नेपाल में मांग की तुलना में लाल गुलाब का उत्पादन बहुत कम है। इस लिए वेलेंटाइन डे पर दिल्ली, कोलकाता, बैंगलोर और भारत के अन्य हिस्सों से मंगाया जाता है।