कुशाग्र जायसवाल क्षेत्र के अन्य खिलाड़ियो के लिए प्रेरणास्त्रोत : राजेश जायसवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
फरेंदा। कस्बे के कुशाग्र जायसवाल का उत्तर प्रदेश अंडर 16 क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। इस उपलब्धि पर रविवार को फरेंदा में पूर्व चेयरमैन राजेश जायसवाल के नेतृत्व में लोगों ने फूल मालाओं से स्वागत किया।
फरेंदा कस्बा निवासी कुशाग्र जायसवाल का चयन उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा अंडर 16 में मीडियम पेस बॉलर के रूप में हुआ है। कुशाग्र जायसवाल का ट्राॅयल लखनऊ हुआ था। जहां 17 राउंड के बाद उनका चयन हुआ। कुशाग्र जायसवाल विजय मर्चेंट ट्राफी के लिए टीम के साथ वड़ोदरा में खेल चुके हैं। कुशाग्र जायसवाल फरेंदा कस्बे के व्यवसायी शंकर जायसवाल के छोटे भाई कृष्ण कुमार जायसवाल के पुत्र है। फरेंदा पहुंचने पर पूर्व चेयरमैन राजेश जायसवाल ने शाल ओढ़ाकर व माला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कुशाग्र अन्य युवाओं के प्रेरणास्त्रोत है। उन्होंने प्रदेश स्तर की टीम मे चयनित होकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। इस दौरान सभासद सुभाष चौरसिया, गौतम पटवा, मुकेश सिंधी, रामकुमार सिंह, जयशंकर चौरसिया, विक्की उपाध्याय, विंध्याचल वरूण व आशीष जायसवाल मौजूद रहे।