सूचना मिलते ही पुलिस ने जाकर स्थिति संभाली
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के श्यामदेउरवां-बड़हरा बरईपार मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया के पास मंगलवार की रात युवकों के दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी के बाद विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर हंगामा हुआ। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब नौ बजे श्यामदेउरवां से बड़हरा बरईपार जाने वाले मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया के पास किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग एकत्र हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने एक पक्ष के अशोक, सनी तिवारी और सिद्धार्थ शंकर शर्मा तथा दूसरे पक्ष के आदित्य उर्फ लड्डू शर्मा, शैलेन्द्र उर्फ गुड्डू शर्मा, रिशु चौहान, अजय सिंह और अमित चौधरी को हिरासत में लिया है। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद सभी के खिलाफ शांति भंग सहित अन्य सुसंगत धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के दौरान कुछ देर के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी। हालांकि पुलिस की तत्परता से मामला अधिक नहीं बढ़ सका। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। एसओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि दो पक्षों के बीच हुए विवाद में कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।