- शहर के एक नर्सिंग कॉलेज में एएनएम प्रथम वर्ष की छात्राओं ने वसूली व फाइन लगाकर उत्पीड़न का आरोप लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। शहर के एक नर्सिंग कॉलेज में अध्ययनरत छात्राओं ने फीस की वसूली के लिए परेशान करने व मनमाने तरीके से फाइन लगाकर उत्पीड़न करने के विरोध में शुक्रवार को कॉलेज में हंगामा कर दिया। सूचना मिलने पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने मौके पर टीम भेजकर जहां पर उन्हें प्रयोगात्मक परीक्षा में शामिल करवाया, वहीं जिलाधिकारी अनुनय झा को भी इसकी जानकारी दी। मामले में अनुनय झा ने अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद व जिला विद्यालय निरीक्षक की समिति गठित कर एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।
शहर के एक नर्सिंग कॉलेज में एएनएम प्रथम वर्ष की कक्षाओं में अध्ययनरत छात्राओं ने कहा कि उनकी पहले वर्ष की फीस जमा है। अब दूसरे वर्ष की फीस को जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है, जिनकी ओर से फीस जमा नहीं की जा रही है, उन पर बार-बार फाइन लगाकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। शुक्रवार को प्रयोगात्मक परीक्षा होनी थी, जिसमें शामिल कराने के नाम पर पैसे की मांग भी की गई।
गेट में ताला बंद करते हुए छात्राओं को प्रवेश से राका गया। सूचना पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने टीम भेजकर उनकी प्रयोगात्मक परीक्षा कराई व प्रकरण के बारे में जिलाधिकारी को अवगत कराया।
-
शहर के एक नर्सिंग कॉलेज की ओर से छात्राओं को प्रयोगात्मक परीक्षा से रोकने व परेशान किए जाने की शिकायत मिली थी। मामले की जांच अपर मुख्य चिकित्साधिकारी व जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंपते हुए एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।
अनुनय झा, जिलाधिकारी