आरोपियों का नाम-पता बताने वाले को मिलेगा दस हजार रुपये का इनाम
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज/सिसवा बाजार। कस्बे के गोपालनगर तिराहे पर सोमवार को खोइया व्यवसायी से पांच लाख तीस हजार रुपये की लूट के मामले में तीन दिनों बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। घटना के पर्दाफाश के लिए क्राइम ब्रांच, स्वॉट व सर्विलांस की टीमें सक्रिय हैं। बताया जा रहा है कि लुटेरों की तलाश में यूपी पुलिस बिहार में कई स्थानों पर दबिश भी दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों का नाम-पता बताने वाले को दस हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। साथ ही उनका नाम गोपनीय रखा जाएगा।
पुलिस के अनुसार, लूट की घटना के पर्दाफाश के लिए चार टीमों के अलावा क्राइम ब्रांच, सर्विलांस, स्वाॅट, थाने व जिले स्तर से 12 टीमें बनाई गई हैं, जो यूपी-बिहार के लगभग बीस जनपदों में लुटेरों की तलाश कर रही है। पड़ोसी देश नेपाल में भी लुटेरों की तलाश की जा रही ळै। क्राइम ब्रांच की टीम सिसवा नगर पालिका के चौराहों, दुकानों व एक विवाह घरों में लगे सीसीटीवी के फुटेज को खंगाली है।
अधिकारियों का कहना है कि वारदात से जुड़े और बैंक में मौजूद रहने के फुटेज मिल गए हैं। इसमें दोनों आरोपियों के चेहरे भी दिख रहे हैं। नगर में बदमाशों ने कब और किस रास्ते से प्रवेश किया है, उसका पता लगाया जा रहा है। कोठीभार के थानाध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि लूट के मामले में अपराधियों के सुराग के लिए यूपी-बिहार में जांच टीमें अपना काम कर रही हैं। अपराधियों के फोटो की पहचान भी कराई जा रही है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।