महराजगंज। यूपी बोर्ड की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 20 जनवरी से शुरू होंगी। महराजगंज समेत गोरखपुर मंडल में दूसरे चरण में प्रयोगात्मक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इस बार बोर्ड ने परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। पूरी परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में करानी होगी और इसकी फुटेज छह महीने तक सुरक्षित रखनी होगी।
यूपी बोर्ड के निर्देशानुसार सभी विद्यालयों को प्रयोगात्मक परीक्षाएं सीसीटीवी की निगरानी में करानी अनिवार्य होगी। प्रधानाचार्यों को परीक्षा आयोजन की पूरी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखनी होगी और मूल्यांकन रिपोर्ट के साथ बोर्ड कार्यालय को भेजना होगा। परिषद द्वारा मांगे जाने पर फुटेज उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। परीक्षकों की नियुक्ति और अन्य आवश्यक जानकारी संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों से प्राप्त की जा सकेगी।
जल्द होगा केंद्रों का निर्धारण
जिले में इस बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट मिलाकर 70 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा के लिए आवेदन किया है। डीआईओएस कार्यालय के अनुसार जल्द ही प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए केंद्रों का निर्धारण कर दिया जाएगा। इस बार बोर्ड ने सीसीटीवी निगरानी और रिकॉर्ड सुरक्षित रखने का निर्णय लिया है। प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है कि कैमरों की रिकॉर्डिंग क्षमता और स्टोरेज पहले ही चेक कर लें। फुटेज सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी संबंधित प्रधानाचार्य की होगी। वहीं हाईस्कूल के आंतरिक मूल्यांकन, नैतिक शिक्षा, योग, खेल व शारीरिक शिक्षा तथा इंटरमीडिएट के नैतिक शिक्षा, योग, खेल व शारीरिक शिक्षा के अंक विद्यालयों के प्रधानाचार्य देकर इसे बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करना होगा।
बोले अधिकारी
यूपी बोर्ड की परिक्षाएं इस बार फरवरी में शुरू हो रही हैं। इससे पहले दो चरण में प्रयोगात्मक परीक्षा होगी। महराजगंज की प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए शीघ्र ही सेंटर तय किए जाएंगे।
- राम नगीना भारती, प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक