निचलौल। यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटर की परीक्षाएं 22 फरवरी से होंगी। इस बार प्रमुख विषयों की परीक्षाएं महज 15 दिनों में ही पूरी हो जाएगी। हाईस्कूल इंटर के कुछ प्रमुख विषय ऐसे हैं, जिनकी परीक्षाएं लगातार हैं। पेपर के बीच में कोई छुट्टियां नहीं हैं। ऐसे में छात्रों के सामने परीक्षा से पहले प्रश्नों को दोहराने का समय नहीं मिलेगा। बोर्ड परीक्षा को लेकर जहां कुछ छात्र चिंतित हैं। अंकों पर असर पड़ने की बात कही तो वहीं कुछ छात्रों ने इसे सामान्य तौर से लिया। छात्रों ने कहा कि उनकी तैयारी पहले से है। पेपर जल्द हो जाएंगे। यह अच्छी बात है।
निचलौल शहर के ज्ञान भारती इंटरमीडिएट कॉलेज की 12वीं की छात्रा नीलू विश्वकर्मा ने कहा कि परीक्षा की तैयारी पूरी तरह से चल रही है, पर लगातार होने वाले पेपर में प्रश्नों को दोहराने का समय नहीं मिलेगा। वहीं 12वीं के छात्र शिवम प्रजापति ने कहा कि चिंता की ज्यादा बात नहीं है। तैयारी पूरी है, पर पेपर के बीच छुट्टी न होने पर इस बार की परीक्षा में दबाव ज्यादा रहेगा।
सबसे ज्यादा चिंता गणित की थी, उसमें कई दिन की छुट्टी है। रामसमुख दास इंटरमीडिएट कॉलेज के 10वीं की छात्रा रागिनी गुप्ता ने कहा कि एक पेपर देने के बाद कुछ समय से शारीरिक व मानसिक रूप से आराम नहीं मिलेगा। तनाव में दूसरा पेपर देने पर अंक प्रभावित हो सकते हैं। वहीं 10वीं के छात्र अजय यादव ने कहा कि साइंस ग्रुप के छात्र-छात्राएं साल भर तैयारी करते हैं, लेकिन अन्य ग्रुप के छात्र परीक्षा के समय ही तैयारी करते हैं। परीक्षा के समय तैयारी करने वाले छात्रों को ज्यादा परेशानी होगी।