महराजगंज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2024 में होने वाली हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा में पिछली बार की तुलना में 2,098 परीक्षार्थियों की कमी आई है। हाईस्कूल व इंटर के परीक्षार्थियों के अलग-अलग आंकड़ों को देखें तो जहां हाईस्कूल में परीक्षार्थियों ही संख्या में गिरावट आई है, वहीं इंटरमीडिएट में पिछले वर्ष से अधिक परीक्षार्थी पंजीकृत पाए गए।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए वर्ष 2024 में कुल 75,764 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल के 40,843 एवं इंटर के 34,921 परीक्षार्थी हैं। वहीं वर्ष 2023 की परीक्षा में पंजीकृत परीक्षार्थियों की संख्या पर नजर डाली जाए तो पता चलता है कि उस समय कुल 77,862 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें हाईस्कूल के परीक्षार्थियों की संख्या 44,158 व इंटर के परीक्षार्थियों की संख्या 33,704 रही। हालांकि कुछ विद्यार्थियों ने दोहरा पंजीकरण करा कर विभाग की मुश्किलों को बढ़ाया भी है।