महराजगंज। 18 फरवरी से होने वाली यूपी बोर्ड की परीक्षा में 1700 के लगभग प्राथमिक शिक्षक भी ड्यूटी करेंगे। इसके लिए डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा ने बीएसए को सूचित किया है। परीक्षा केंद्र प्रभारी इसके लिए बीईओ को डिमांड भेजकर जरूरत के अनुसार कक्ष निरीक्षक के रूप में परिषदीय शिक्षक मांग सकेंगे।
जिले के 278 माध्यमिक स्कूलों के 77000 से अधिक परीक्षार्थी यूपी बोर्ड की 10 वीं व 12 वीं की बोर्ड परीक्षा में प्रतिभाग कर रहे। अगले सप्ताह बुधवार से शुरू हो रही परीक्षा के लिए कुल 104 परीक्षा केंद्र बोर्ड ने तय किया है। इसमें हाईस्कूल की 38961 संख्या है। बीते वर्ष आयोजित यूपी बोर्ड की परीक्षा में भी लगभग इतनों ने ही प्रतिभाग किया।
उस वक्त कुल 4 हजार कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगी थी। इस बार भी लगभग इतने ही शिक्षकों की ड्यूटी लगनी तय है। माध्यमिक शिक्षा परिषद के पास जनपद में 2300 शिक्षक हैं। जिनकी ड्यूटी पहले ही बोर्ड लगा चुका है। ऐसे में शेष शिक्षकों की कमी बेसिक से पूरी होगी।
डीआईओएस यह जानकारी बेसिक शिक्षा अधिकारी को अवगत कराकर सभी बीईओ को निर्देश जारी करने के लिए सूचित किया है। साथ ही सभी परीक्षा केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया है कि विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर स्थानीय बीईओ को बताकर उपलब्धता सुनिश्चित कर लें।
डीआईओएस की सूचना पर सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गये हैं कि बोर्ड केंद्र प्रभारी जितने प्राथमिक शिक्षकों की डिमांड करें उतने शिक्षक बोर्ड की ड्यूटी के लिए कार्यमुक्त कर कार्यालय को सूचित करें।
-रिद्धि पांडेय, बीएसए
2025 की बोर्ड परीक्षा में 1700 प्राथमिक शिक्षक लगे थे, इसबार भी लगभग उतनी ही संख्या लगनी है। इसके लिए बीएसए को सूचित करते हुए केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया है कि जरूरत के मुताबिक बीईओ से प्राथमिक शिक्षकों की डिमांड कर पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करें।
-प्रदीप कुमार शर्मा, डीआईओएस