दूसरे के प्रमाणपत्रों पर नौकरी करने वाले दो शिक्षक बर्खास्त, मुकदमा भी दर्ज
महराजगंज। दूसरे के प्रमाणपत्रों के सहारे जिले में नौकरी करने वाले दो शिक्षकों को बेसिक शिक्षा विभाग ने बर्खास्त कर दिया है। बीईओ की तहरीर पर पुलिस ने दोनों शिक्षकों के विरुद्ध मुकदमा भी दर्ज कर लिया है।
बीएसए जगदीश प्रसाद शुक्ल ने बताया कि एसटीएफ की तरफ से जानकारी दी गई थी कि सिसवां ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय सबया में प्रियंका सिंह व बड़हरा चरगहां में मान सिंह दूसरे केे प्रमाणपत्र पर शिक्षक की नौकरी कर रहे हैं। जानकारी मिलने के बाद दोनों को अभिलेखों के साथ कार्यालय बुलाया गया था। दोनों नहीं आए। उसके बाद उन्हें बर्खास्त कर दिया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद सिंह की ओर से कोठीभार थाने में मुकदमा भी दर्ज करा दिया गया है।
एसटीएफ की ओर से पूरे प्रदेश में वर्ष 2010 के बाद नियुक्ति पाने वाले शिक्षकों की जांच की जा रही है। कुछ जिलों में जांच पूरी हो चुकी है, जबकि कुछ जगह जारी है। इसी बीच अनामिका प्रकरण के सामने आने के बाद प्रदेश सरकार ने विद्यालयों में तैनात सभी शिक्षकों, शिक्षामित्रों व अनुदेशकों की जांच के निर्देश दिए हैं। इसके तहत जिले भर में अब कुल लगभग 6800 शिक्षकों, शिक्षामित्रों व अनुदेशकों की जांच होगी।