फोरलेन पर कट नहीं होने से गलत साइड से जा रहे थे बाइक सवार
नौतनवा थाना क्षेत्र के गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंडीथान टोल प्लाजा के पास हुआ हादसा
अड्डा बाजार। गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंडीथान टोल प्लाजा के पास शुक्रवार की देर शाम मैजिक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई और बाइक सवार दो अन्य घायल हो गए। एक घायल का सीएचसी रतनपुर में इलाज हुआ जबकि दूसरे को गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, नौतनवा थाना क्षेत्र के गांव कौलही के टोला राजधानी निवासी इंदल (30) बाइक चला रहे थे। बाइक पर उनके साथ महेंद्र (50) और दर्शन (60) भी थे। इंदल दोनों को इसी थाना क्षेत्र के खरग बरवा गांव में पहुंचाने जा रहे थे। घर से निकलने के बाद कट न होने के कारण तीनों बाइकसवार हाईवे पर दाहिनी लेन से जा रहे थे। चंडीथान टोल प्लाजा से करीब 200 मीटर पहले पहुंचे थे कि सामने से आ रही मैजिक ने बाइक को बुरी तरह से टक्कर मार दिया। टक्कर के बाद तीनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद चालक मैजिक लेकर भागने लगा, जिसे लोगों ने पीछा करके पकड़ लिया। संपतिहा चौकी इंचार्ज जयप्रकाश सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही सिपाहियों के साथ वे घटनास्थल पर पहुंचे। एंबुलेंस से तीनों घायलों को रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां डॉक्टर ने इंदल को मृत घोषित कर दिया। महेंद्र की स्थिति गंभीर देखकर बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। जबकि दर्शन को हल्की चोट लगी है। टाटा मैजिक और उसके चालक परशुराम चौरसिया निवासी ग्राम राजमंदिर कला, टोला बांसगांव, थाना कोल्हुई को पीछा करके पकड़ लिया गया।
एसओ नौतनवा अभिषेक सिंह ने बताया कि शव कब्जे में लेकर औपचारिकता पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
छिन गया परिवार का इकलौता सहारा
अड्डा बाजार। शुक्रवार की देर शाम टाटा मैजिक की टक्कर से बाइक सवार इंदल की मौत होने से उनके परिवार को सहारा देने वाला कोई नहीं बचा। इंदल मजदूरी करके अपनी मां, पत्नी और दो बेटियों का पालन पोषण करते था। उनकी मौत के बाद परिवार बेसहारा हो गया है। इंदल के पिता राम केवल की मौत 8 वर्ष पहले हो गई थी। माता ज्ञानती देवी ने बिलखते हुए बताया कि इंदल उनका इकलौता बेटा था। चार साल पूर्व इंदल की पहली पत्नी सरस्वती की मौत हो गई। उससे जन्मी दो बेटियां करीना (13) और राधिका (08) हैं। 3 वर्ष पहले इंदल ने सावित्री से दूसरी शादी की। उससे कोई बच्चा नहीं है। खेती की जमीन आधा एकड़ से कम है।