परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के एक गांव में तीन माह पहले बरात में हंगामा करने वाले दो युवकों पर अब विवाहिता से छेड़छाड़ और पीछा कर परेशान करने का आरोप लगा है। ससुराल से मायके आई विवाहिता ने पुलिस को तहरीर देकर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव की युवती का मई माह में विवाह हुआ था। बरात दरवाजे पर पहुंची तो गांव के ही दो युवक बरातियों से विवाद करने लगे। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ और विवाह संपन्न कराया गया। उस समय भी मामले की शिकायत पुलिस से की गई थी। आरोपियों ने माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने का भरोसा दिया था।
विवाहिता के अनुसार, तीन अगस्त को वह ससुराल से मायके आई। आरोप है कि इसके बाद दोनों युवक उसका पीछा करने लगे और बाजार आते-जाते समय उसे परेशान व छेड़छाड़ करने लगे। 20 अगस्त को रास्ते में रोककर उसके साथ छेड़छाड़ की गई। लगातार परेशान किए जाने से परेशान विवाहिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
वहीं इस बाबत एसओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।