कुशीनगर के सेवरही कस्बे के महाबीर नगर में रविवार दोपहर पोखरे में डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई। दोनों पोखरे के पास घूम रही थीं। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वे गहरे पानी में गिर गईं। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, 12 वर्षीय प्रीति और 10 वर्षीय रिया रविवार दोपहर करीब दो बजे महाबीर नगर स्थित पोखरे के पास थीं। इसी दौरान पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी में चली गईं। उन्हें डूबता देख स्थानीय लोगों ने बचाने की कोशिश की और पोखरे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्चियों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। हादसे के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।