लोहे की छड़ में करंट उतरने से दोनों गंभीर रूप से झुलसे, जिला अस्पताल रेफर
ठूठीबारी थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खुर्द गांव का मामला
ठूठीबारी। ठूठीबारी थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खुर्द गांव में रविवार को मकान के लिंटर से प्लाई उतार रहे दो मजदूर पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को सीएचसी निचलौल पहुंचाया गया तो चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार ग्रामसभा लक्ष्मीपुर खुर्द निवासी जमीरूद्दीन पुत्र बिस्मिल्लाह के मकान के लिंटर में लगी प्लाई को मजदूर लोहे की छड़ की मदद से उतार रहे थे। इसी दौरान लोहे की छड़ ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई।
छड़ में करंट उतरने से काम कर रहे राजेश (28) और नंदन भारती (26) दोनों निवासी लक्ष्मीपुर खुर्द गंभीर रूप से झुलस गए। आनन-फानन में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।