सोनौली-काठमांडू मार्ग के चितवन जिले के नारायण घाट में भूस्खलन की चपेट में आकर दो लोगों की मौत हो गई, जबकि मलबे में कई लोगों की दबने की आशंका है। मौके पर पहुंच नेपाली सेना और पुलिस हेलीकॉप्टर की मदद से राहत बचाव कार्य में जुटी है। हादसे के बाद सोनौली से काठमांडू जाने वाला मुख्य मार्ग बंद हो गया है। भूस्खलन होने से आवागमन ठप होने पर घटनास्थल के दोनों तरफ करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया । सोमवार की सुबह दस बजे नारायण घाट मुगलिंग मार्ग पर कविलास के निकट अचानक भूस्खलन होने से सड़क से गुजर रहे एक टैंकर, बस, पिकप और बाइक समेत 15 वाहन चपेट में आ गए। भूस्खलन से गिरी चट्टानों और मलबे की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा मलबे में कई और लोगों के दबे होने की आशंका भी जताई जा रही है। एस पी दीपक थापा ने बताया कि दो लोगों की मौत हुई है ।आठ लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत और बचाव कार्य में सेना और पुलिस लगी है जल्द ही आवागमन सामान्य हो जाएगा।