महराजगंज। भारत-नेपाल के सोनौली सीमा पर दो ईरानी नागरिकों को फर्जी दस्तावेज के साथ आव्रजन और पुलिस ने नेपाल जाते समय गिरफ्तार किया है। दोनों युवक रात में नेपाल जाने की फिराक में थे। आव्रजन अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब एक बजे आव्रजन विभाग को सूचना मिली कि दो ईरानी नागरिक अवैध रूप से भारत से नेपाल जाने वाले हैं। सूचना के बाद आव्रजन विभाग के अधिकारियों ने सरहद पर जांच शुरू कर दी। तभी अवैध रूप से फर्जी दस्तावेज के जरिए भारत से नेपाल जा रहे दो ईरानी नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया। जांच करने पर पता चला कि ईरानी नागरिक अपने वीजा पर फर्जी मोहर लगाकर अवैध रूप से नेपाल जाने की फिराक में थे। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम सोलट व राशिद बताया। सुरक्षा एजेंसियों ने दोनों से गहन पूछताछ की। जांच के दौरान दस्तावेज पर मोहर फर्जी मिली। इन दोनों ने स्वयं मोहर बनवाकर लगा लिया था।
नौतनवा क्षेत्राधिकारी आभा सिंह ने बताया कि पकड़े गए दोनों ईरानी नागरिकों के विरुद्ध 14 विदेशी अधिनियम एवं फर्जी दस्तावेज तैयार करने के आरोप में केस दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उनको जेल भेज दिया गया।