महराजगंज। जनपद की दो ग्राम पंचायतों का चयन संयुक्त राष्ट्र की अवधारणा के अनुरूप माॅडल यूथ ग्रामसभाएं बनेंगी। एक ग्रामसभा का चयन जहां सदर ब्लॉक से हुआ है वहीं दूसरी ग्रामसभा मिठौरा ब्लॉक की से शामिल की गई। पंचायतीराज विभाग की इस विशेष प्रारूप की कार्यशाला में परसौनी के प्रधान अनिल जोशी व करमहा के प्रधान अमरजीत साहनी शामिल होंगे जो 30 अक्तूबर से नई दिल्ली के डाॅ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में होगी।
ग्राम पंचायतों में लोकतंत्र को और मजबूती मिलेगी। सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय ने माॅडल यूथ ग्राम सभा का चयन कराया है जिन्हें संयुक्त राष्ट्र संघ की अवधारणा के मुताबिक युवाओं को जिम्मेदार दायित्व सौंपकर बदलाव को मजबूती दी जाएगी। इस विशेष ग्राम पंचायत की कार्यशाला डीएआईसी 15 जनपद रोड विंडसर नई दिल्ली में 30 अक्तूबर से शुरू होगी। इन ग्राम सभाओं में गांव की प्रमुख पांच समस्या व आवश्यकता युवाओं के सामने रखी जाएगी। इसमें गांव के शिक्षितों के साथ अशिक्षित युवा भी जुड़ेंगे। शिक्षित युवा जहां समस्या व जरूरत के मद्देनजर योजना बनाएंगे जिसे क्रियान्वयन में लाने का कार्य अशिक्षित युवा अपनी श्रम शक्ति से करेंगे।
मिलेगा अलग से बजट : माडल यूथ ग्राम पंचायत में युवाओं की भागेदरी बढ़ाई जाएगी। इसके लिए अलग से बजट का प्रावधान किया जाएगा। युवा ग्राम पंचायतों से सवाल करना सीखेंगे। तय विषयों में सतत विकास लक्ष्यों को स्थानीयकृत करने का दायित्व इन्हें दिया जाएगा। इस नवाचार के साथ पंचायती राज मंत्रालय यह सुनिश्चित कर रहा कि ग्राम स्तर पर भविष्य की विकास योजनाएं युवा, जागरूकता से संचालित हों। स्थिरता, समानता और समावेश पर केंद्रित यह प्रारूप संयुक्त राष्ट्र संघ ने बीते दिनों सदस्य देशों से साझा किया जिसे मूर्त रूप देने की कवायद तेज की गई है।