अड्डा बाजार। नौतनवा थाना क्षेत्र के संपतिहा चौराहे पर नेशनल हाईवे से सटे घर के बरामदे से सोमवार की रात अवधेश वर्मा की एक बाइक को चोर उठा ले गए। जबकि उसके पास खड़ी दूसरी बाइक सुरक्षित है। पुलिस को तहरीर दे दी गई है।
अवधेश वर्मा ने बताया कि उन्होंने दोनों बाइक लॉक करके दोनों को एक-दूसरे में जंजीर से बांधा था। बगल कमरे में फाटक खोलकर पिता रामानंद वर्मा सोए हुए थे। मंगलवार की सुबह परिजन जगे तो एक बाइक गायब थी। पिता के कमरे में कागजात बिखरे थे और उनका जैकेट बरामदे में फेंका गया था। जैकेट के पॉकेट में रखे पांच हजार रुपए भी गायब हैं। संपतिहा चौकी इंचार्ज जयप्रकाश सिंह ने कहा कि तहरीर मिली है। पुलिस छानबीन करने में जुटी है। संवाद
जमीनी रंजिश में युवती की पिटाई, दो पर प्राथमिकी
पनियरा। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बहरामपुर के शिव टोला में जमीनी रंजिश में एक युवती की पिटाई करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। गांव निवासी पीड़िता की मां शीला देवी ने थाने पर दी गई तहरीर में कहा है कि बीते 28 दिसंबर रात नौ बजे उसके बगलगीर अनिरूद्ध व रूदल दोनों भाइयों ने मिलकर जमीनी रंजिश में उसकी पुत्री अनुष्का को गाली देते हुए बुरी तरह से मारपीट कर घायल कर दिया। थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि अनिरुद्ध और रूदल के खिलाफ मारपीट से संबंधित गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। संवाद