अड्डा बाजार। नौतनवा थाना क्षेत्र के चंडीथान के निकट डंडा नदी घाट से शुक्रवार को पुलिस ने नेपाल तस्करी कर ले जाई जा रही पांच बोरी यूरिया खाद बरामद की। मौके से दो बाइक समेत दो लोगों को पकड़ा गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों और बरामद खाद को नौतनवा कस्टम के हवाले कर दिया गया।
संपतिहा चौकी प्रभारी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि वह हमराह सिपाही सतीश कुमार, शरद यादव और सुनील सिंह के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बरवां कला रेलवे अंडरपास के पास मुखबिर से सूचना मिली कि दो लोग दो बाइक पर पांच बोरी यूरिया खाद लेकर चौतरवां चौराहे से खरगबरवां होते हुए चंडीथान बॉर्डर की ओर जा रहे हैं। वे डंडा नदी घाट के रास्ते खाद नेपाल ले जाने की फिराक में हैं।
सूचना पर पुलिस टीम चंडीथान घाट के पास झाड़ियों में छिपकर निगरानी करने लगी। कुछ देर बाद एक बाइक पर तीन और दूसरी बाइक पर दो बोरी यूरिया लादकर दो व्यक्ति वहां पहुंचे। पुलिस ने दोनों को पकड़कर पूछताछ की। उनकी पहचान इंद्रदेव यादव (46) और बृजेश यादव (31) के रूप में हुई। दोनों खाद से संबंधित कागजात नहीं दिखा सके। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उन्होंने खाद नेपाल ले जाकर बेचने की बात स्वीकार की।
नौतनवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि दोनों बाइक और यूरिया खाद को कब्जे में लेकर कस्टम अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए नौतनवा कस्टम को सौंप दिया गया।