भारतीय सीमा से तस्करी कर लाई गई थीं दवाएं
सोनौली। नेपाल के सीमावर्ती जिला नवलपरासी में नेपाल पुलिस ने प्रतिबंधित ड्रग्स के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बताया गया है कि प्रतिबंधित दवाएं निचलौल कस्बे से नेपाल भेजी गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शनिवार की दोपहर ईस्ट नवलपरासी से ड्रग्स के साथ दो लोग गिरफ्तार किए गए।
नवलपुर के पुलिस इंस्पेक्टर बीरेंद्र राज गुरुंग ने बताया कि ईस्ट-वेस्ट हाईवे पर रूटीन चेकिंग के दौरान बुटवल से नारायणगढ़ आ रही एक पैसेंजर बस में ड्रग्स के साथ दोनों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए लोगों में रामू (25), बरदाघाट, वेस्ट नवलपरासी और राजकुमारी कुंवर (19), सुनवल शामिल हैं। बताया कि उनके पास से डायजेपाम, प्रोमेथाजिन हाइड्रोक्लोराइड और ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन समेत 2,770 एम्पुल ड्रग्स जब्त किए गए। दोनों के खिलाफ प्राथमिक दर्ज की गई।