-दो करोड़ रुपये बताई जा रही अंतरराष्ट्रीय कीमत
संवाद न्यूज एजेंसी
परसामलिक। थाना क्षेत्र के सीमावर्ती चौकी सेवतरी के बीओपी के पास एसएसबी रोड पर बुधवार की देर रात लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस, एसएसबी व एसओजी की टीम गश्त कर रही थी। शक होने पर बाइक सवार दो लोगों को रोककर तलाशी ली तो उनके पास से 200 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। बाजार में अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
परसामलिक थाना क्षेत्र के सेवतरी बीओपी के पास एसएसबी रोड पर पुलिस, एसओजी व एसएसबी 22 वीं वाहिनी के जवान वाहनों की जांच कर रहे थे। इस बीच तेज रफ्तार में दो बाइक सवार आ रहे थे। टीम ने बाइक रोकवाकर तलाशी ली तो 200 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। टीम दोनों आरोपियाें को गिरफ्तार कर थाने पर लायी। हेरोइन के साथ पकड़े गए आरोपियों की पहचान थाना कोतवाली सोनौली ग्राम पंचायत जगरनाथपुर टोला परशुरामपुर निवासी सत्यम मद्धेशिया व ग्राम जगरनाथपुर टोला पंडितपुर निवासी आशीष पासवान के रूप में हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों को जेल भेज दिया गया। संवाद