पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने मामले का पर्दाफाश करते हुए कहा कि 16 किलो बरामद चरस की अन्तर्राष्ट्रीय कीमत लगभग 9 करोड़, 60 लाख रुपये होगी। कोतवाली व एसओजी टीम ने जांच के दौरान फरेन्दा रोड, सिसवा अमहवा मोड़ के पास से मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों को चरस के साथ गिरफ्तार किया गया।
दोनों ने अपना नाम जीवन मातिवर निवासी भगतपुरवा टोला डुगरपुर, थाना बरगदवा, जनपद महराजगंज व दिपेन्द्र बहादुर वरायली निवासी दुरागाऊ, थाना व जिला रामेछाप, राष्ट्र नेपाल बताया। तलाशी में बैग से जीवन के पास से लगभग 8.500 किग्रा चरस व दिपेन्द्र के पास से लगभग 7.500 किग्रा चरस बरामद हुआ। पूछताछ पर बताया कि नेपाल राष्ट्र से चरस सस्ते दामों में खरीद कर दिल्ली ले जाकर महंगे दाम में बेच कर अपना रोजी रोटी चलाते हैं। हमेशा की भांति चरस लेकर दिल्ली जाने के लिए गोरखपुर जा रहे थे कि पुलिस ने पकड़ लिया।
पहले आरोपी पर दर्ज है चार केस
जीवन के खिलाफ ठूठीबारी, निचलौल, बरगदवा थाने में चार मुकदमे दर्ज हैं। एनडीपीएस एक्ट में भी केस दर्ज है। नशे के कारोबार को करते हुए यह अपनी जीविका चलाता था। दूसरा आरोपी नेपाल का रहने वाला है, इस वजह से उसके आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास के बारे में पता लगा रही है।