निचलौल/ठूठीबारी। कोतवाली ठूठीबारी थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की देर रात कुछ मनबढ़ों ने घर में घुसकर 16 वर्षीय किशोरी की आबरू लूटने की कोशिश की। पिता और भाई गांव ने ही थकरी (जुलूस) देखने गए थे।
चीख-पुकार सुनकर भाभी पहुंची तो आरोपी भाग निकले। बृहस्पतिवार की सुबह पीड़िता के पिता उनके घर उलाहना लेकर पहुंचे, जहां पर मनबढ़ों ने उनपर जानलेवा हमला कर लहूलुहान कर दिया। उन्हें सीएचसी निचलौल में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच कर रही है। मामले की गंभीरता से लेते हुए गांव में पुलिस तैनात है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के बाद सहमी पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि दो जुलाई की रात करीब साढ़े 10 बजे पिता और भाई गांव में थकरी देखने गए थे। इसी बीच उन्हें दरवाजा खटखटाने की आहट मिली। दरवाजा खोला तो वहां तीन लोग खड़े थे। अभी वह कुछ समझ पाती कि इसी बीच तीनों घर के अंदर घुस गए। आरोप है कि उसकी आबरू लूटने की कोशिश की।
कोतवाली ठूठीबारी थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र मिश्रा के अनुसार घटना के बाद गांव में पुलिस तैनात कर दी गई। घायल व्यक्ति का इलाज जिला अस्पताल में कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।