कुल 52 परिवहन सेवाओं का मिलेगा लाभ, 39 आधार अप्रूव्ड
ग्रामीणों के एआरटीओ कार्यालय आने की जरूरत समाप्त
महराजगंज। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को विभाग की ऑनलाइन सेवाएं कम रेट पर मिल सकें इसके लिए एआरटीओ कार्यालय ने 300 कॉमन सर्विस सेंटर को विभाग से जोड़ा है। ग्रामीण इन सीएससी पर मात्र 10 रुपये की फीस देकर आवेदन कर सकते हैं। उन्हें हर एआरटीओ कार्यालय आने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
संभागीय निरीक्षण आरडी प्रसाद वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि परिवहन विभाग ने सारथी और वाहन पोर्टल की कुल 39 सेवाओं को ऑटो अप्रूवल व्यवस्था से जोड़ दिया है। अब इनके लिए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। आधार प्रमाणीकरण के बाद पात्र आवेदकों के आवेदन तय मानकों के अनुसार स्वतः स्वीकृत होंगे और उन्हें घर बैठे ऑनलाइन व समय से सेवा का लाभ मिलेगा।
इसके लिए ग्रामीण क्षेत्र के 300 कामन सर्विस सेंटर (सीएससी) को एआरटीओ कार्यालय से जोड़ दिया गया है। उन्होंने बताया कि फेसलेस मोड में नागरिकों को 52 ऑनलाइन सेवाएं दी जा रही हैं। इनमें सारथी पोर्टल की 27 और वाहन पोर्टल की 12 सेवाओं को अब ऑटो अप्रूवल व्यवस्था के तहत सफलतापूर्वक लागू कर दिया गया है।
497 पंचायत भवन में कामन सर्विस सेंटर की सुविधा
जनपद में कुल 882 ग्राम पंचायतों का संचालन है। पंचायती राज विभाग कार्यालय महराजगंज के मुताबिक कुल 497 पंचायत भवन में कामन सर्विस सेंटर की सुविधा दी जा रही है। परिवहन विभाग ने इनमें से 300 सीएससी को संबद्ध कर विभागीय पोर्टल से लैस किया है। यहां ग्रामीण क्षेत्र के लोग परिवहन की आनलाइन सेवा महज 10 रुपये में प्राप्त कर सकते हैं। विभाग ने यह व्यवस्था इसलिए प्रभावी की है जिससे ग्रामीणों को दौड़ भाग करने या एआरटीओ कार्यालय आने की जरूरत न पड़े। डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने बताया कि सभी पंचायतों में यह सीएससी सहूलियत प्रभावी होनी है जिससे सभी ऑनलाइन कार्य ग्रामीण गांव में करा सकें।
वर्जन
फेसलेस व आधार प्रमाणीकरण से होने वाली सुविधा का लाभ अधिक से अधिक लोग उठा सकें इसके लिए सीएससी विभाग से जोड़कर विभाग की ऑनलाइन सेवा गांव-गांव पहुंचाने के प्रबंध कराया जा रहा है।
-मनोज कुमार सिंह, एआरटीओ, महराजगंज।