निचलौल। नेपाल सीमा से सटे निचलौल क्षेत्र की ग्रामसभा करमिसवा के टोला सगरदिनही और औरहवा में पिछले तीन दिनों से ट्रांसफार्मर जला हुआ है। इसकी वजह से इन दोनों टोलों की बिजली गुल हो गई है। स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
जानकारी के अनुसार, बढ़या विद्युत उपकेंद्र से जुड़े करमिसवा प्राथमिक विद्यालय, सगरदिनही, औरहवा तथा मुसहर बस्ती को बिजली आपूर्ति करने वाला ट्रांसफार्मर बुधवार को जल गया था। इसके बाद से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद है। इस ट्रांसफार्मर से एक मोबाइल टावर को भी बिजली आपूर्ति होती है। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिक लोड के कारण ट्रांसफार्मर कई बार जल चुका है।
ग्रामीण सूरज, मेराज, बुधिराम चौधरी, रामआशीष, अनिल, अखिलेश, अमरनाथ, धर्मेंद्र, शमशेर और अशफाक ने बताया कि लगातार तीन दिनों से बिजली नहीं होने के कारण रात के समय सर्पदंश और जंगली जानवरों का भय बना रहता है। कई बार शिकायत के बावजूद अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नरसिंह यादव ने बताया कि मामले की सूचना जूनियर इंजीनियर दिया जा चुका है। वहीं उपखंड अधिकारी (एसडीओ) विद्युत नैयर अनवर ने बताया कि शीघ्र ही ट्रांसफार्मर बदलकर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।