निचलौल। धनतेरस पर शुक्रवार को खरीदारी के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग नगर पहुंचे। इससे सुबह से ही बाजार में भीड़ रही। दोपहर में मेन तिराहे पर ऑटो और बाइक की भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों के चालक आपस में भिड़ गए। सड़क पर हाथापाई होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
विज्ञापन
उधर, चिउटहा चौराहे पर भी वाहनों के दबाव के चलते जाम लग गया। इससे राहगीरों और बाजार पहुंचे लोगों को काफी परेशानी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मेन तिराहे पर विवाद कर रहे दोनों चालकों को अलग कराया और रास्ता खाली कराया। वहीं, चिउटहा चौराहे पर भी वाहनों को व्यवस्थित कराकर यातायात बहाल कराया।
सीओ निचलौल रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए नगर के प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। मेन तिराहे पर हुए विवाद को तत्काल शांत कराकर यातायात सुचारु करा दिया गया।