सोनौली बॉर्डर पर रिकॉर्डतोड़ जाम, पांच लाइन में नेपाल जा रहे ट्रक
सोनौली। भारत-नेपाल सीमा के प्रमुख व्यापारिक मार्ग सोनौली बॉर्डर पर शनिवार को मालवाहक ट्रकों का रेला लग गया। इस मार्ग पर जाम लगने से करीब 10 किमी तक ट्रकों की लंबी कतार लग गई थी। जाम इस कदर था आगे निकलने की होड़ में भारत से नेपाल जाने वाले बाईपास पर ट्रकों की पांच लेन बन गई थी। इससे पूरे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। सर्विस रोड पर ट्रकों के कब्जे के कारण पर्यटक और छोटे वाहनों को घंटों जाम से जूझना पड़ा।
बीते कई दिनों से सोनौली सीमा जाम और कथित कटिंग के खेल को लेकर चर्चा हो रही है। शनिवार को मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग, सर्विस लेन, आईसीपी (इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट) रोड और एसएसबी रोड तक ट्रकों की लंबी कतारें नजर आईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले से मौजूद अतिक्रमण के बीच सर्विस लेन पर ट्रकों की पार्किंग से स्थिति और गंभीर हो गई है।
स्थानीय नागरिक दीपेश शर्मा, राजन कुमार, हरिश्चंद्र, पवन कुमार, संजय गुप्ता और धर्मेंद्र ने बताया कि निर्माणाधीन ओवरब्रिज के कारण सर्विस रोड की केवल एक लेन से छोटे व निजी वाहनों का आवागमन कराया जा रहा है जबकि दूसरी लेन से मालवाहक ट्रकों को निकाला जा रहा है। इससे आमने-सामने वाहनों के आने की स्थिति बन रही है और दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।
सीओ नौतनवा बसंत कुमार सिंह ने बताया कि यातायात व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस लगाई गई है। सड़क निर्माण के कारण परेशानी हो रही है।