चौक बाजार। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के पकड़ी रेंज अंतर्गत अभ्यारण्य वन क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई की। मंगलवार देर शाम गश्त के दौरान रोहिन नदी के किनारे स्थित पकड़ी सदर द्वितीय बीट में वन विभाग की टीम ने अवैध खनन सामग्री ले जा रहे एक ट्रैक्टर को पकड़ कर सीज कर दिया।
वन क्षेत्राधिकारी पकड़ी रेंज सुशांत मणि त्रिपाठी ने बताया कि विभाग को लंबे समय से अभ्यारण्य क्षेत्र में अवैध खनन और खनन सामग्री गैरकानूनी ढंग से ले जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसको गंभीरता से लेते हुए नियमित निगरानी के साथ विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में गश्ती दल ने पकड़ी सदर द्वितीय बीट के रोहिन नदी तट से छोटू साहनी, निवासी फरेनी को अवैध रूप से खनन सामग्री ट्रैक्टर से ले जाते हुए पकड़ा।
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि विधिक प्रक्रिया के तहत ट्रैक्टर को सीज कर दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। ⮼