महराजगंज। यूपी सरकार के बजट से जिले में पर्यटन विकास को गति मिलेगी। मुख्यमंत्री पर्यटन सहभागिता योजना के जरिए विकास पर जोर रहेगा। वहीं वन क्षेत्र को हरा-भरा रखने में मदद मिलेगी। ग्रीन इंडिया मिशन में बजट देकर वन क्षेत्रों को संवृद्ध करने पर जोर है। वहीं मेडिकल कॉलेजों में सीटें बढ़ने से भी जिले को फायदा होगा। बजट से इन दो क्षेत्रों के अलावा अन्य क्षेत्रों में फायदा होगा। साथ ही बिजली की समस्या भी दूर हो जाएगी।
जिले में पर्यटन के लिए देवदह, रामग्राम, दर्जिनिया ताल, जंगल सफारी, जंगल के अंदर विश्राम गृह समेत अन्य स्थल हैं, इसके विकास की उम्मीद प्रबल हो गई है। प्रदेश सरकार ने पर्यटन क्षेत्र को विकसित करने की योजना बनाई है। बजट में विकास के प्राविधान करने से जिले के पर्यटन स्थलों के दिन बहुरने की उम्मीद बढ़ गई है। इन प्रमुख स्थलों के अलावा बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी समेत अन्य क्षेत्रों का विकास होगा, लेकिन जिले में सर्वाधिक फायदा पर्यटन व वन क्षेत्र को होगा। भगवान बुद्ध से जुड़े सभी स्थल वैश्विक पर्यटन का केंद्र बनेंगे। इसके लिए उनसे जुड़े स्थलों को बौद्ध सर्किट से जोड़ा जा रहा है लेकिन जो स्थल सर्किट से नहीं जुड़ पाए हैं उनका अलग से विकास कराने की तैयारी है।
इसी कड़ी में देवदह व रामग्राम के विकास की तैयारी है। इन दोनों स्थलों के कायाकल्प के लिए सरकार की ओर से पहले ही 11 करोड़ से ज्यादा खर्च की योजना बनाई गई थी। इसमें देवदह के लिए तीन करोड़ और रामग्राम के लिए आठ करोड़ के बजट की व्यवस्था हो चुकी थी। सरकार इन दोनों स्थलों को नई पर्यटन नीति के तहत ईको टूरिज्म से जोड़ने की भी तैयारी में हैं। इसके तहत सोहगीबरवा वन क्षेत्र से इन्हें जोड़ा जाएगा। जिले में लगभग 342 वर्ग किमी क्षेत्र वन से घिरा हुआ है जो पूरे जिले के लगभग 11.59 प्रतिशत क्षेत्र के बराबर है। जिले में पीपीपी मोड पर 200 करोड़ की लागत से बन रहे मेडिकल कॉलेज में सीटें बढ़ने से लाभ मिलेगा। मेडिकल में 150 सीटे हैं। मेडिकल काॅलेज से जिले की 30 लाख की आबादी को बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी। बिजली स्टेशनों की दशा में सुधार होगा। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को भी लाभ मिलेगा।