महराजगंज। यूपी बोर्ड के स्कूलों में टॉपर टॉक सत्र आयोजित होंगे। इसके तहत पिछले वर्ष के मेधावी परीक्षार्थियों को टिप्स देकर बोर्ड परीक्षा की राह आसान करेंगे। डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा ने सभी 278 माध्यमिक स्कूलों को पत्र जारी कर गत वर्ष उत्तीर्ण विद्यार्थियों की रैंक अनुसार सूची बनाने के निर्देश दिए हैं। यह मेधावी 2026 की परीक्षा में शामिल होने वालों को परीक्षा का टिप्स देंगे। जिले के 278 विद्यालयों में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के उत्तीर्ण मेधावियों टॉप 10 सूची तैयार की जाएगी। सूची के मुताबिक विद्यालय के प्रधानाचार्य सप्ताह में कम से कम दो बार उन्हें स्कूल में आमंत्रित करेंगे। मेधावी अपने अनुभव विद्यार्थियों से साझा करेंगे साथ ही व्यावहारिक सुझाव देंगे। डीआईओएस कार्यालय के मुताबिक, बोर्ड के इस नवाचार का उद्देश्य सिर्फ परीक्षा परिणाम सुधारना नहीं बल्कि विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास की भावना मजबूत करना है। टॉपर टॉक सत्र के सहारे विभाग सफलता का ग्राफ बढ़ाने का प्रयास करेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि यूपी बोर्ड की तरफ से प्राप्त निर्देश के क्रम में टॉपर टॉक सत्र का आयोजन सभी माध्यमिक स्कूलों को करना है। नवंबर व दिसंबर में आयोजन पूर्ण कर रिपोर्ट देने का निर्देश पत्र जारी किया गया है।