नौतनवा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को जनपद में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक, टूलकिट और आवास की चाबियां वितरित कीं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाकर उसे आत्मनिर्भर बनाना है। मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग की ओडीओपी योजना के अंतर्गत अंगद को टूलकिट प्रदान की, जबकि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत सीमा कन्नौजिया को टूलकिट वितरित किया। साथ ही पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के अंतर्गत राजकुमार कुशवाहा और ग्राम प्रधान पंचायत कल्याण कोष योजना के तहत बिजना देवी को एक-एक लाख का चेक प्रदान किया।
कार्यक्रम में एपीओ कंचन मौर्या फाॅर्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के निदेशक सुरेंद्र कुमार को कृषि यंत्र वितरण के लिए 10 लाख रुपये की अनुदान राशि का चेक सौंपा गया।
द्वारिका को 10 लाख और 4 लाख रुपये की अनुदान राशि से संबंधित कृषि यंत्र (ट्रैक्टर) की चाबी प्रदान की गई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत प्रतिभा जायसवाल को पांच लाख की परियोजना लागत का चेक दिया गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अवतारी देवी को आवास की चाबी सौंपी गई, जबकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से विनोद को आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया।