संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। इन दिनों मंडी में टमाटर का भाव बढ़ गया है। मांग के अनुरूप आपूर्ति कम है। इसके चलते टमाटर का भाव डेढ़ गुना से ज्यादा बढ़ गया है। खुदरा बाजार में कीमत 50 से 60 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। मांग की तुलना में आवक नहीं होने से हरी सब्जियों के भाव भी बढ़ गए हैं।
फूल गोभी, पत्ता गोभी, पालक सहित ज्यादातर हरी सब्यिजों के दाम खुदरा बाजार में एक सप्ताह में दोगुने हो गए हैं। गोभी 70 से 80 रुपये किलो बिक रहा है। अन्य सब्जियां भी 40 को पार कर गई हैं। सब्जियों के बढ़ते भाव से घर का बजट बिगड़ रहा है। प्याज 60 तो गोभी 80 रुपये किलो बिक रही है। दो सौ रुपया में आधी झोली सब्जी भी नहीं आ रही है।
लोगों का कहना है कि सब्जियों के भाव बढ़ने लगते हैं। थाली में सब्जियों की मात्रा कम करनी पड़ रही है। सब्जी के थोक कारोबारी दिनेश गुप्ता ने बताया कि टमाटर की आवक कम होने से पिछले एक सप्ताह में प्रति कैरेट करीब 250 से 300 रुपये की मूल्य वृद्धि हुई है। लगन में टमाटर की मांग भी बढ़ जाती है, इससे इसके दाम में इजाफा हुआ है।
प्याज कारोबारी रमेश कहते हैं कि प्याज नासिक से आता है। इस वर्ष प्याज की फसल अच्छी नहीं हुई है। प्याज का आवक कम है और मांग अधिक है। जो पुराने प्याज हैं वही बिक रहे हैं। इसके अलावा प्याज का निर्यात विदेशों को हो रहा है। इसके कारण प्याज के दाम बढ़ रहे हैं।