महराजगंज। परिषदीय विद्यालयों की व्यवस्थाएं बेहतर करने के लिए चल रही विद्या समीक्षा केंद्र की तर्ज पर जल्द माध्यमिक शिक्षा विभाग में भी एक टोल फ्री नंबर की सुविधा शुरू होगी। इसके माध्यम से माध्यमिक स्कूलों से संबंधित समस्याओं की सूचना, फीडबैक और इनपुट दिया जा सकेगा।
परिषदीय विद्यालयों की ऑनलाइन मॉनीटरिंग के लिए विद्या समीक्षा केंद्र का संचालन किया जा रहा है। पिछले दिनों इसके लिए टोल फ्री नंबर जारी किया गया था। इसके सफल प्रयोग के बाद अब माध्यमिक शिक्षा में भी इस नंबर को शुरू करने की तैयारी है। इस नंबर का प्रयोग माध्यमिक शिक्षा से संबंधित जानकारी, प्रतिक्रिया व प्रश्न साझा करने के लिए होगा।
टोल फ्री नंबर को इस हिसाब से विकसित किया जाएगा कि इसमें आम जनता, अभिभावक, पंजीकृत छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकों की शंकाओं का निस्तारण तथा उनसे प्राप्त फीडबैक व इनपुट लिया जा सकेगा। इसे आईवीआर सिस्टम के साथ इंटीग्रेशन, कॉल वेटिंग व मैसेज सुविधा, 24 घंटे, सातों दिन कॉल डिटेल रिपोर्टिंग जैसी सुविधाओं से युक्त होगी। इस प्रणाली को वॉइस टिकटिंग, वॉइस ट्रैकिंग, वेब इंटरफेस, लाइव कॉल डैशबोर्ड, वॉइस मेल, कॉल लॉग, मल्टी लैंग्वेज सपोर्ट, एसएमएस नोटिफिकेशन जैसी सुविधाओं से भी युक्त किया जाएगा।
डीआईओएस प्रदीप कुमार का कहना है कि नए-नए प्रयास होते रहते हैं। टोल फ्री नंबर के जरिए माध्यमिक के शिक्षक टेक्निकल समस्याओं का हल पा सकेंगे। इस बारे में विस्तृत जानकारी सभी को दी जाएगी। अभी नंबर की जानकारी नहीं मिली है।