पुल बनवाने के लिए गांधीगीरी करेंगे ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
फरेंदा (महराजगंज)। श्रीनगर ताल पर पुल निर्माण को लेकर लक्ष्मीपुर व फरेंदा तहसील क्षेत्र के कई गांवों के लोगों ने बुधवार को विधायक बजरंग बहादुर सिंह को ज्ञापन सौंपा। गांव वालों ने चेतावनी दी कि अविलंब पुल का निर्माण शुरू हुआ तो गांधीवादी तरीके से धरना देंगे। ग्रामीणों ने पुल निर्माण में देरी हुई तो श्रीनगर ताल पर गांधीवादी तरीके से धरना देने की चेतावनी दी है।
जिला पंचायत सदस्य सुरेश साहनी, रामकेवल निषाद, खजांची निषाद, दुुर्गेश, ओमप्रकाश मौर्या सहित काफी संख्या में ग्रामीणों ने तीन सूत्री मांगों से संबंधित दिए गए ज्ञापन में कहा कि बृजमनगंज व लक्ष्मीपुर विकास खंड को जोड़ने वाला श्रीनगर ताल बना पुल अंग्रेजों के जमाने का था। पुल पर पानी एकत्र हो जाता था। ताल के पानी से फसलों की सिंचाई होती थी। ताल व पुल का उपयोग आसपास के लोग घूमने के लिए भी करते थे।
पुल काफी दिनों से क्षतिग्रस्त था। जिसके निर्माण के लिए कई बार शासन - प्रशासन के अलावा जनप्रतिनिधियों से मांग की गई लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। परिणाम स्वरूप 15 नवंबर को पुल ध्वस्त हो गया। इसके चलते आसपास के करीब दो दर्जन गांवों के लोगों का मुख्य मार्ग से संपर्क कट गया है। पुल टूट जाने से छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है। अचानक किसी की तबीयत खराब होने की स्थिति अस्पताल ले जाना कठिन हो गया है। ऐसे में श्रीनगर बांध पर पुल के निर्माण के लिए अविलंब धन स्वीकृत कर निर्माण कार्य शुरू किया जाना चाहिए। श्रीनगर ताल में जल संचयन की व्यवस्था और आसपास वृक्षारोपण करवाने की मांग भी लोगों ने की। पुल का निर्माण अविलंब शुरू न होने पर गांधीवादी तरीके से धरना देने की लोगों ने चेतावनी भी दी। इस दौरान शंभू सहानी, अशोक वर्मा, प्रेम कुमार यादव, हरीराम साहनी, संतोष यादव, बलिकरण आदि मौजूद रहे।