महराजगंज। महापर्व छठ पर रविवार को शहर के बलिया नाला पुल स्थित छठ घाट पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। दोपहर तीन बजे के बाद से ही व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। सिर पर पूजन सामग्री से भरा दउरा रखकर युवा से लेकर बुजुर्ग तक नंगे पैर घाट की ओर जाते दिखाई दिए। पूरे रास्ते छठ गीतों की गूंज और श्रद्धालुओं की भीड़ से माहौल भक्तिमय बना रहा।
परिवार के साथ पहुंचे विधायक
सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया भी परिवार के साथ सुभाष नगर वार्ड से सिर पर दउरा रखकर पैदल बलिया नाला छठ घाट पहुंचे। उन्होंने परिवार के साथ विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। विधायक को सिर पर दउरा रखकर पैदल जाते देख रास्ते में लोगों ने भी उनका अभिवादन किया।
फूलों से सजा मुख्य द्वार, गूंजते रहे छठ गीत
छठ घाट के मुख्य द्वार को आकर्षक फूलों से सजाया गया था। वहीं एलईडी के माध्यम से छठ के पारंपरिक गीत बजाए जा रहे थे। इससे घाट का माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। छोटे-छोटे बच्चे दीप जलाते हुए दिखाई दिए। वहीं कई लोग परिवार के साथ घाट पर सेल्फी लेकर इस खास पल को यादगार बनाते नजर आए।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सक्सेना चौक पर सुरक्षा के लिहाज से सड़क के एक तरफ बैरिकेडिंग की गई थी। पुलिसकर्मी तैनात रहकर आवागमन और भीड़ को नियंत्रित करते रहे। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल नगर पालिका कर्मियों के साथ घाट पर पहुंचकर साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करती नजर आईं। घाट पर आस्था, उत्साह और उल्लास का संगम देखने को मिला।