-डीएम ने प्रतियोगिताओं में चयनित जनपद के परीक्षार्थियों से कलक्ट्रेट सभागार में किया संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। लोकसभा चुनाव को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी अनुनय झा ने स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं में चयनित जनपद के परीक्षार्थियों से कलक्ट्रेट सभागार में संवाद किया। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी।
डीएम ने कहा कि किसी अभ्यर्थी के सफलता के तीन सूत्र होते हैं-परिश्रम, परिवार का साथ और प्रेरणा। अब आप लोग लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इसलिए जिला प्रशासन की ओर से मेरा अनुरोध है कि आप स्वीप कार्यक्रम में एंबेसडर की भूमिका निभाते हुए लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करें। निश्चय ही लोगों में विशेषकर युवाओं में आपकी अपील का प्रभाव होगा और मतदान प्रतिशत बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
जिलाधिकारी ने चयनित अभ्यर्थियों से जनपद के अभावग्रस्त लेकिन प्रतिभाशाली बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं में तैयारी में सहयोग का अनुरोध किया। इस अवसर पर डीआईओएस अमरनाथ राय, तहसीलदार सदर अमित सिंह मौजूद रहे।