श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से चार किशोरियों के लापता होने के मामले सामने आए हैं। परिजन की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दो मामलों में किशोरियों को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगा है।
जानकारी के अनुसार, एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी पांच सितंबर को घर से बिना बताए कहीं चली गई। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। परिजन ने पुलिस से किशोरी की तलाश कर कार्रवाई करने की मांग की है।
दूसरे मामले में एक महिला ने बताया कि उनकी करीब 17 वर्षीय बेटी को नौ सितंबर को विवेक निषाद निवासी जीतपुर, थाना गुलहरिया, गोरखपुर, हाल मुकाम बेलटिकरा (सोइया), थाना पनियरा बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। काफी तलाश के बाद भी किशोरी का पता नहीं चलने पर पुलिस को तहरीर दी गई।
तीसरे मामले में एक महिला ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी को सात अगस्त को संदीप निवासी तुरौआ, थाना पिपराइच, गोरखपुर बहला-फुसलाकर ले गया था। मामले में पहले ही प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि सात सितंबर की रात करीब 10 बजे संदीप दोबारा किशोरी को अपने साथ ले गया।
प्रभारी एसओ राजेश सिंह ने बताया कि सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस किशोरियों की तलाश के साथ ही आरोपों की जांच कर रही है।