निचलौल-सिसवा मार्ग पर हुआ हादसा, घंटों मची रही चीख-पुकार
निचलौल। थाना क्षेत्र के निचलौल सिसवा मार्ग स्थित लालपुर गांव के पास शुक्रवार को सवारियों से भरी एक ऑटो पलट गई। इस दौरान ऑटो सवार तीन लोग घायल हो गए। लोगों की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने एक घायल की हालत बिगड़ते देख प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, निचलौल शहर से एक ऑटो सवारियों को लेकर सिसवा की ओर जा रही थी। लालपुर गांव के पास ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में ऑटो सवार कुसमी (50) और उमापति (52) निवासी कोटिया थाना घुघली और पूनम (34) निवासी कप्तानगंज जिला कुशीनगर घायल हो गए। घायल कुसमी की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा के अनुसार हादसे की जानकारी मिली है। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।