महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र स्थित करमहिया नहर के पास मंगलवार की शाम करीब आठ बजे लूट का एक मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, तीन अज्ञात बदमाशों ने बाइक से एक युवक की बाइक को टक्कर मारकर उसके पास से दस हजार रुपये व मोबाइल छीनकर फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की तहरीर थाने पर दी है। पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जांच कर रही है।
ग्राम पंचायत कमासिन खुर्द निवासी सच्चिदानंद मंगलवार की शाम आठ बजे किराना का सामान व दस हजार रुपये लेकर पनियरा से अपनी बाइक से घर जा रहे थे। अभी वे करमहिया नहर से कमासिन खुर्द गांव मुड़े ही थे कि बसडिला पुल के पासे से बाइक से पीछा कर रहे तीन बदमाशों ने गैस एजेंसी के पास पीछे से उनकी बाइक में ठोकर मारकर गिरा दिया और उनके पास से दस हजार रुपये व मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। इस संबंध में थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची। घटना की जांच की जा रही है।