चीनी व अन्य सामग्रियों का विक्रय कराएगी तीन सदस्यीय समिति
महराजगंज। गन्ना किसानों के हितों को देखते हुए जिला प्रशासन ने जेएचवी गड़ौरा व आईपीएल सिसवा चीनी मिल के चीनी व अन्य सामग्री का विक्रय कराने का अधिकार तीन सदस्यीय समिति को दिया है।
एसडीएम के नेतृत्व में गठित समिति जहां विक्रय सामग्रियों का हिसाब-किताब रखेगी। वहीं प्राप्त धनराशि में से 85 प्रतिशत धनराशि से किसानों का बकाया गन्ना भुगतान कराना सुनिश्चित करेगी। अवशेष 15 प्रतिशत धनराशि मिल के जिम्मेदारों को उनके व्यय के लिए प्रदान किया जाएगा।
वित्तीय वर्ष 2017-18 में गन्ना किसानों का जेएचवी गड़ौरा चीनी मिल पर कुल 20 करोड़ से अधिक का बकाया है। बकाया का भुगतान न करने व शासन के सख्त होने की वजह से अब तक भुगतान नहीं हो पाया है। अब जबकि सिसवां के साथ-साथ गड़ौरा चीनी मिल भी चलने लगी है तो प्रशासन ने दोनों ही चीनी मिलों में किसानों के भुगतान को सुरक्षित किए जाने को लेकर एसडीएम निचलौल की अध्यक्षता में जिला गन्ना अधिकारी तथा संबंधित मिल अध्यासी की तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी है। समिति के जिम्मेदार गन्ने से तैयार होने वाली चीनी, शीरा व बगास की बिक्री कर उससे प्राप्त होने वाली धनराशि को सुरक्षित रखेगी।
उसमें से 85 प्रतिशत धनराशि का भुगतान गन्ना किसानों का होगा, जबकि 15 प्रतिशत धनराशि मिल के जिम्मेदारों को दिया जाएगा। जिला गन्ना अधिकारी जगदीश चंद्र यादव ने बताया कि इस व्यवस्था से किसान सुरक्षित रहेंगे तथा उन्हें भुगतान को लेकर किसी प्रकार की मुश्किलों से भी बचाया जा सकेगा।