तैनाती वाले ग्राम पंचायतों में सफाई में रुचि न दिखाने पर डीपीआरओ ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। दायित्वों के प्रति लापरवाही व तैनाती वाले ग्राम पंचायतों में सफाई न करने का दोषी पाए जाने पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने तीन सफाईकर्मियों को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में सभी सफाईकर्मी संबंधित ब्लॉक के सहायक विकास अधिकारी पंचायत कार्यालय संबद्ध रहेंगे। मामले की जांच सहायक विकास अधिकारी को सौंपी गई है।
फरेंदा ब्लॉक के ग्राम उदितपुर में तैनात सफाईकर्मी श्याम नरायन पासवान व अशोक कुमार पर आरोप था कि उनकी ओर से गांव में सफाई कार्य में रुचि नहीं ली जाती है। वे पंचायत भवन, विद्यालय व अन्य सार्वजनिक स्थलों के साथ ही गांव में सफाई नहीं करते हैं, जिससे लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। प्राथमिक जांच में दोनों सफाईकर्मी दोषी पाए गए। जिस पर उन्हें निलंबित करते हुए फरेंदा के सहायक विकास अधिकारी पंचायत कार्यालय से संबद्ध किया गया है। उनकी जांच सहायक विकास अधिकारी बृजमनगंज को सौंपी गई है। वहीं निचलौल ब्लाॅक के ग्राम टिकुलहिया में कार्यों के प्रति लापरवाह सफाईकर्मी उषा देवी को निलंबित कर उन्हें निचलौल के सहायक विकास अधिकारी कार्यालय से संबद्ध किया है। उनकी जांच सहायक विकास अधिकारी मिठौरा को सौंपी गई है।
दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतने पर तीन सफाईकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। मामले में जांच अधिकारी भी नामित कर दिए गए हैं।
यावर अब्बास, जिला पंचायत राज अधिकारी