मुख्य सरगना के बारे में जुटाई जा रही जानकारी, तीन आरोपियों में दो गोरखपुर के रहने वाले
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। कोल्हुई पुलिस ने बुधवार को घेराबंदी कर चरस के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी लग्जरी कार से चरस की खेप को नेपाल से भारत लाने की फिराक में थे। इसे शामली पहुंचाना था। कार से 88.50 किलो चरस बरामद हुई है। पुलिस कार सहित चरस और गिरफ्तार आरोपियों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
कोल्हुई थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश ने बताया कि मामले में पकड़े गए आरोपियों चंद्रेश्वर निवासी मदनापुर थाना मदनापुर जनपद शांहजहांपुर, सोनू गुप्ता उर्फ रजत निवासी हसनगंज गीता प्रेस थाना राजधाट जनपद गोरखपुर, अर्जुन सिंह निवासी अधियारीबाग सूरजकुंड थाना तिवारीपुर जनपद गोरखपुर को जेल भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में चरस की खेप को नेपाल से भारत लाने की फिराक में है। उक्त सूचना के बाद पुलिस टीम ने कोल्हुई चौराहे पर घेराबंदी कर वाहनों की तलाशी शुरू की गई। तलाशी के दौरान बीच एक लग्जरी कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम की ओर से कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन पुलिस टीम को देख कर कार सवार भागने लगे। जिन्हें कुछ दूर दौड़ाने के बाद पकड़ लिया गया। कार की सघन तलाशी लेने पर कार से 88.50 किलो चरस की बरामदगी हुई। वहीं मौके से कार सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया।