महराजगंज। जिले में किसान सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचने के लिए रुचि दिखाने लगे हैं। अब तक जिले के 4148 किसानों ने पंजीकरण कराया है। जिले में एक नवंबर से 180 क्रय केंद्रों पर धान खरीद की व्यवस्था की गई है। इस बार सरकारी केंद्रों पर अच्छी खरीद होने की उम्मीद जताई जा रही है।
खाद्य एवं विपणन विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, महराजगंज तहसील क्षेत्र में सबसे अधिक 2151 किसानों ने पंजीकरण कराया है। वहीं निचलौल तहसील क्षेत्र में 1438 किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीकरण कराया है। फरेंदा में 296 और नौतनवां तहसील क्षेत्र में 263 किसानों ने पंजीकरण कराया है। इस तरह जिले में कुल पंजीकरण की संख्या 4148 पहुंच गई है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित चौधरी ने बताया कि किसान धान बेचने के लिए जागरूकता दिखा रहे हैं। अब तक चार हजार से अधिक किसानों ने पंजीकरण कराया है। इस बार अच्छी खरीद होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए इस बार फार्मर आईडी के माध्यम से धान खरीद का प्रावधान किया गया है। इसके तहत किसान की पहचान और भूमि संबंधी विवरण के आधार पर खरीद की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिन किसानों के पास अभी फार्मर आईडी नहीं है, वे अपने खेत के अनुसार जरूरी अभिलेखों के साथ पंजीकरण करा सकते हैं।